उत्तराखंड में आज से तीन दिन का विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। वंदे मातरम के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हुई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से सत्र से जुड़े। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक सुरेंद्र सिंह जीना और चार पूर्व विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संसदीय मंत्री के दायित्व में मदन कौशिक ने श्रद्धांजलि दी।
विधायकों ने किया योग
वहीं सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा के कर्मचारियों समेत कई विधायकों ने योग किया। पतंजलि योगीपीठ की ओर से योगाचार्य द्वारा यह योग शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद रहे। 22 को प्रदेश सरकार 4000 करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट पास कराएगी। विपक्ष काम रोको प्रस्ताव भी लेकर आएगा।
सत्र के पहले दिन सल्ट के दिवंगत विधायक सुरेंद्र सिंह जीना और चार पूर्व विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दिन कोई काम नहीं होगा। संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक के मुताबिक अनूपूरक बजट, अध्यादेश आदि सदन के पटल पर रखे जाएंगे। पहले दिन ही मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों के जवाब दिए जाने थे। निधन के निदेश के कारण प्रश्नकाल और शून्यकाल भी नहीं होगा।
प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रिस्पना पुल से पहले रोका


वहीं विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रिस्पना पुल से पहले बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। यहां पर भारी पुलिस बल मौजूद है। रोजगार के मुद्दे को लेकर विधानसभा घेराव के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की हालत बिगड़ी और उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। जिसके बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर ले गई।