16 दिनों से आंदोलनरत किसानों की तरफ से शनिवार को जयपुर-दिल्ली हाइवे बंद करने सहित सभी टोल प्लाजा को फ्री रखा जाएगा। रेल रोकने पर सहमति ने बनने से इस प्रस्ताव को स्थगित कर दिया गया है। किसान नेताओं का कहना है कि उनकी मांगे जबतक पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। पहले ही दिल्ली की अधिकतर सीमाएं बंद है। जबकि जयपुर-दिल्ली हाइवे को जाम किए जाने से राजस्थान से आने वालों को मुश्किलों को सामना करना पड़ सकता है।
इससे पहले शुक्रवार दोपहर सिंघु बॉर्डर पर पंजाब के किसान नेताओं की बैठक हुई। इसमें शनिवार के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई। इस दौरान ज्यादातर किसान नेताओं का मानना था कि दिल्ली के दूसरे रास्तों को जाम किया जाना आंदोलन का धारदार बनाने का बेतहर तरीका हो सकता है। खासतौर से जयपुर हाइवे को, जिससे बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। इस पर सहमति बनने के साथ रेल रोको की योजना का स्थगित करने का फैसला लिया गया।