जयपुर: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने दावा किया कि राज्य के गांवों से लेकर शहरों तक राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है जो विभिन्न जन मुद्दों पर विफल रही है. पूनिया ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर पार्टी की ओर से कांग्रेस सरकार के खिलाफ ”ब्लैक पेपर” आनलाइन जारी किया. इस अवसर पर उन्होंने दावा किया, ” गांवों से लेकर शहरों तक कांग्रेस सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है.”
उन्होंने यह भी दावा किया, ”आमजन में आक्रोश है, बिजली, पानी, सड़क, कानून व्यवस्था, किसान कर्जमाफी, अपराध सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है. ” उन्होंने कहा कि दो साल में गहलोत सरकार द्वारा शहरी निकायों में पक्षपातपूर्ण रवैये ने विकास कार्यों को अवरूद्ध किया गया जिस पर यह ”ब्लैक पेपर” सवाल खड़े करता है.
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में तीन महीने के बिजली माफी की मांग जनता उठा रही है लेकिन मुख्यमंत्री आंखों पर पट्टी बांधे हुए हैं. इस बीच भाजपा के अनेक नेताओं ने गहलोत के उन आरोपों पर पलटवार किया किया है कि ”भाजपा उनकी सरकार गिराने का गेम फिर शुरू करने वाली है.”