शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के ‘दिल्ली चलो मार्च को रोकने की हरसंभव कोशिश के लिए हरियाणा सरकार को आड़े हाथ लिया है. सुखबीर बादल ने इसे ‘पंजाब का 26/11’ करार दिया है. सुखबीर ने गुरुवार को ट्वीट किया, ‘आज पंजाब का 26/11 है. हम लोकतांत्रिक तरीके से विरोध के अधिकार का अंत देख रहे हैं. अकाली दल, किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन के दमन के लिए हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार
की निंदा करता है.’ अकाली दल, केंद्र की एनडीए सरकार का हिस्सा थी लेकिन किसान कानूनों का विरोध करते हुए उसने एनडीए से रिश्ता खत्म कर लिया था.गौरतलब है कि 12 साल पहले, आज ही के दिन 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान का समर्थन प्राप्त हथियारबंद आतंकियों ने मुंबई में कई स्थानों पर हमला किया था, इस हमले में 160 से अधिक निर्दोष लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे.