उत्तराखण्ड :ऋषिकेश में जानकी पुल के लोकार्पण के बाद राम दरबार के मुख्य सदस्य श्री हनुमान के नाम से फोर लेन का बजरंग पुल तीर्थनगरी में बहुत जल्दी आकार लेगा। यूं तो इसके निर्माण की कवायद लंबे समय से चल रही है, लेकिन शुक्रवार को जानकी झूला पुल के लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद तीर्थनगरी के लोगों में पुल के शीघ्र बनने की उम्मीद जगी है। चीन में बने कांच के पुल की तर्ज पर बजरंग पुल के बाहरी हिस्से भी पारदर्शी होंगे।
इसके अलावा दोनों सिरों पर बनने वाले इसके टावर केदारनाथ मंदिर की झलक प्रस्तुत करेंगे। लोनिवि की ओर से इसका कंप्यूटरीकृत मॉडल तैैयार कर लिया गया है। केंद्रीय सड़क निधि से बनने वाले इस पुल के निर्माण में करीब 66 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
लक्ष्मण झूला पुल के पास बनने वाले बजरंग पुल के लिए पहले चरण में 3.03 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। फिलहाल केंद्र सरकार को 66 करोड़ रुपये की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इसकी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है। पुल की कुल लंबाई 133 मीटर और चौड़ाई 8 मीटर होगी।
इसके दोनों तरफ 1.5 मीटर का पैदल पथ होगा, जो कांच का बना होगा। यह कांच 65 मिमी मोटा होगा, जो बेहद मजबूत होता है। इस पर खड़े होकर सैलानी 57 मीटर ऊंचाई से गंगा की बहती जलधारा का अद्भुत नजारा देख सकेंगे।