उत्तराखंड में रविवार को 31 और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके बाद अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1816 पहुंच चुका है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने इसकी पुष्टि की है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, रविवार को देहरादून में 11, टिहरी में नौ, हरिद्वार में पांच, उत्तरकाशी में तीन, उधम सिंह नगर, चमोली और नैनीताल में एक-एक कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं।
संक्रमित पाए गए मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री है। अभी तक प्रदेश में 1000 से अधिक मरीज इलाज के बाद घर भेजे जा चुके हैं। जबकि 705 एक्टिव केस हैं।
बालावाला क्वारंटीन सेंटर के नोडल अधिकारी और आयुष डॉक्टर निलंबित
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निर्देश के बाद आयुष विभाग और आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने बालावाला क्वारंटीन सेंटर के नोडल अधिकारी आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ.नवीन जोशी और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.जसप्रीत के निलंबन आदेश जारी कर दिए है। आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने विभागीय जांच के लिए प्रोफेसर पंकज कुमार शर्मा को जांच अधिकारी नामित किया है।
अपर सचिव एवं निदेशक आयुष आनंद स्वरूप की ओर से क्वारंटीन सेंटर में नोडल अधिकारी तैनात आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन जोशी को निलंबित करने के आदेश जारी किए है। वहीं, आयुर्वेद विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ.माधवी गोस्वामी ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जसप्रीत के निलंबन आदेश जारी किए हैं।
बता दें कि 12 जून को बालावाला स्थित क्वारंटीन सेंटर में रेल कर्मी ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सख्त कार्रवाई कर नोडल अधिकारी व डॉक्टर को निलंबित करने के निर्देश दिए थे।
सैंपलिंग में 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी, संक्रमित मामलों में 13 प्रतिशत की कमी
प्रदेश में कोरोना काल के 91 दिन यानी 13 सप्ताह पूरे हो गए हैं। बीते सप्ताह प्रदेश में सैंपलिंग में 27 प्रतिशत की बढ़ोतtरी हुई है, वहीं संक्रमित मामलों में 13 प्रतिशत की कमी आई है। जबकि प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत के आंकड़े बढ़ रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर 13 संक्रमित लोगों ने दम तोड़ा है। प्रदेश में अब तक 25 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं।
प्रदेश में लॉकडाउन 4 के बाद कोरोना संक्रमितों के मामले तेजी से बढ़े हैं। जिसमें देहरादून, नैनीताल, टिहरी, हरिद्वार में सबसे अधिक संक्रमित मरीज मिले हैं। 12 वें सप्ताह 31 मई से 6 जून की तुलना में 13वें सप्ताह 7 से 13 जून तक प्रदेश में कोविड सैंपलों की जांच में 27 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं संक्रमित मामलों में 13 प्रतिशत की कमी आई है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या 18 सौ पार करने वाली है। हालांकि इसमें 1077 मरीज ठीक हो चुके हैं। 677 संक्रमित मरीज ही अस्पताल में भर्ती है। प्रदेश की रिकवरी दर लगभग 60 प्रतिशत पहुंच गई है। वहीं, डबलिंग रेट 20 दिन हो गई है।
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि कोरोना संक्रमण के लिहाज से 13वां सप्ताह उत्तराखंड के लिए मुफीद रहा है। 12वें सप्ताह की तुलना में रिकवरी दर में 104 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। लेकिन संक्रमित मरीजों की मौत की संख्या बढ़ाना चिंता करने वाला है।
Download Amar Ujala App for Breaking News in Hindi & Live Updates. https://www.amarujala.com/channels/downloads?tm_source=text_share