नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायस की मरीजों की संख्या 271 हो गई है. आज 35 नए मामले सामने आए हैं. शुक्रवार को सबसे ज्यादा 50 मामले सामने आए थे. वहीं 20 राज्यों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की हो गए हैं. सबसे ज्यादा संख्या महाराष्ट्र में पाई गई है जहां पर 63 केस हो गए हैं. वहीं इटली से लाए गए 215 यात्रियों में बीते 7 दिन के अंदर कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों को ‘सामाजिक मेलजोल से दूर रहने’ के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का शुक्रवार को अनुरोध करते हुए कहा कि यह कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिये सबसे महत्वपूर्ण उपाय है. गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने बताया है कि राज्य में कुल केस 13 हो गए हैं. बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर ने शुक्रवार को बताया कि वह कोविड-19 से संक्रमित पाई गई है. इसके बाद कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने के बाद भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, उनकी मां और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा संसद भवन में उनके पास बैठे तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और अनुप्रिया पटेल ने खुद को पृथक कर लिया है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि कोविड -19 खतरे के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सभी मॉल बंद रहेंगे लेकिन किराना और दवाइयों की दुकानों को इससे छूट दी जाएगी. दिल्ली सरकार ने निजी क्षेत्र के लिए एक परामर्श जारी करते हुए कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर कर्मचारियों को 31 मार्च तक घर से काम करने की अनुमति देने को कहा.दिल्ली सरकार ने गैर जरूरी सेवाओं को स्थगित किया, कर्मचारी घर से काम करेंगे. दिल्ली सरकार ने अपनी सभी गैर जरूरी सेवाओं को 31 मार्च तक स्थगित करने और ऐसे विभागों के कर्मचारियों को घर से ही काम करने की अनुमति देने का फैसला शुक्रवार को किया.
भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पतालों और चिकित्सा शिक्षा संस्थानों को पर्याप्त संख्या में वेंटिलेटर और ऑक्सीजन के उच्च प्रवाह वाले मास्क खरीदने के लिए कहा है और उन्हें अपने-अपने परिसरों में सभाओं व लोगों की भीड़ को कम करने की सलाह दी है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित जनता कर्फ्यू के मद्देनजर देश में शनिवार मध्यरात्रि से रविवार रात दस बजे के बीच किसी भी स्टेशन से कोई यात्री ट्रेन सफर शुरू नहीं करेगी.
कोरोना वायरस के प्रकोप का प्रभाव असंगठित क्षेत्र के कामगारों पर सबसे अधिक पड़ने को रेखांकित करते हुए लोकसभा में सदस्यों ने इस पर गंभीर चिंता जाहिर की और सरकार ने उनकी आजीविका सुनिश्चित करने के लिए विशेष आर्थिक उपाय किए जाने की मांग की गई. इटली में कोरोना वायरस से अब हुई मौतों की संख्या ने चीन को भी पीछे छोड़ दिया है. वहीं तीन करोड़ 90 लाख से ज्यादा की आबादी वाले कैलिफोर्निया में कठोर लॉकडाउन लागू कर दिया गया है. कोरोना वायरस का केंद्र रहे चीन में लगातार दूसरे दिन इस जानलेवा विषाणु का कोई घरेलू मामला सामना नहीं आया. हालांकि तीन और लोगों की मौत के साथ देश में मृतकों की संख्या 3,248 पर पहुंच गई.