लखनऊ: नागरिकता संशोधन कानून का देशभर में खासा विरोध हो रहा है. जगह-जगह हो रहे प्रदर्शनों में लोग मोदी सरकार से इस कानून को वापस लेने की मांग कर रहे हैं. कई राज्यों में प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया. उत्तर प्रदेश की बात करें तो अभी तक यहां हिंसा में 16 लोगों की मौत हो चुकी है और पुलिसकर्मियों सहित सैकड़ों लोग घायल हुए हैं. कई जिलों में धारा 144 लागू है और इंटरनेट व एसएमएस सेवाओं पर रोक लगा दी गई है. यूपी के डीजीपी ओपी सिंह लगातार कह रहे हैं कि पुलिस ने किसी भी प्रदर्शनकारी पर गोली नहीं चलाई है लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो कुछ अलग ही कहानी बयां कर रहे हैं. एक वायरल वीडियो में कानपुर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस लोगों पर फायरिंग करती दिख रही है. इस वीडियो को लेकर अभी तक पुलिस विभाग के आला अधिकारियों का कोई बयान नहीं आया है.