हरिद्वार के चंडीघाट चौक पर कांवड़ नीचे गिरने के बाद हंगामा हो गया। एक कांवड़ यात्री ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी पर कांवड़ खंडित करने और नशे में होने का आरोप लगा दिया। आरोप लगाते हुए यात्री पुलिसकर्मी के पीछे दौड़ पड़ा। कुछ देर तक पुलिसकर्मी आगे-आगे और कांवड़िया पीछे-पीछे दौड़ता रहा, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि संबंधित सिपाही नशे में नहीं मिला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
चोरी की कार लेकर कांवड़ मार्ग पर पहुंचे युवक, कांवड़ियों ने की तोड़फोड़
हरिद्वार में देहरादून से चोरी की गई कार लेकर कुछ युवक नहर पटरी स्थित कांवड़ मार्ग पर पहुंच गए। कार के कांवड़ मार्ग में घुसने पर कांवड़ियों ने नाराजगी जताते हुए वाहन में तोड़फोड़ कर दी। जानकारी के अनुसार कार एक अगस्त को देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से चोरी हुई थी। मामला कनखल थाना क्षेत्र का है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।