बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को कस्टडी रिमांड पर लेकर मंगलवार को पुलिस बदरीनाथ पहुंची। आरोपी को बदरीनाथ थाने से सीधे बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के प्रोटोकॉल कार्यालय लाया गया, जहां अलमारी और पूरे कार्यालय कक्ष की गहन तलाशी ली गई। हालांकि पहले दिन की कार्रवाई में पुलिस को कोई अहम सुराग हाथ नहीं लग सका।
न्यायिक मजिस्ट्रेट हिना कौसर की अदालत ने सोमवार को पुलिस के आवेदन पर मुख्य आरोपी को कस्टडी रिमांड में देने की मंजूरी दी थी। इसके बाद मंगलवार को पुलिस टीम जिला कारागार पुरसाड़ी से प्रमोद नौटियाल को लेकर अपराह्न 4:40 बजे बदरीनाथ थाने पहुंची। शाम करीब सात बजे आरोपी को बीकेटीसी के प्रोटोकॉल कार्यालय ले जाया गया, जहां पुलिस ने आरोपी की मौजूदगी में अलमारी खुलवाकर जांच की और कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया। करीब 15 मिनट तक चली कार्रवाई के बाद आरोपी को दोबारा थाने ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने और पूछताछ के लिए आरोपी को बुधवार को देहरादून भी ले जा सकती है। फिलहाल पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच जारी है। मुख्य आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।