मणिकर्णिका घाट विवाद को लेकर यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी जिले में पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। शनिवार को सीएम योगी ने काशी दौरे के दौरान इस मामले को लेकर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण हो रहा था, तब भी कुछ लोगों ने साजिशें रची थीं। यहां तक कि जिन वर्कशॉप में मूर्तियां बनती हैं, वहां से टूटी हुई मूर्तियों के अवशेष लाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए और अब सफेद झूठ फैलाया गया कि मंदिर तोड़े जा रहे हैं।
मणिकर्णिका घाट के सुंदरीकरण कार्य को लेकर एआई जनरेटेड तस्वीरें और वीजियो के जरिये भ्रामक सूचना फैलाने पर आठ लोगों के खिलाफ चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसमें एक्स हैंडल को भी नामजद किया गया है।
क्या है मामला
बता दें कि वाराणसी में मणिकर्णिका घाट पर सुंदरीकरण के लिए निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें रानी अहिल्याबाई होल्कर समेत कई देवी- देवताओं की प्रतिमा टूटने का दृश्य दिखाया गया। यह मामला वाराणसी से लेकर इंदौर तक चर्चा में रहा। लोग इसका विरोध करते दिखे। वहीं विपक्ष द्वारा सवाल खड़े किए गए। इस बीच मामला शासन स्तर तक पहुंच गया।