एटा में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में कैब चालक सहित 3 लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वहीं दूसरे की उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई।
गांव दौकेली थाना ढोलना जिला कासगंज निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि भतीजा अजय (26) दिल्ली में रहकर ओला कंपनी की टैक्सी कार चलाता था। वह शुक्रवार की देर रात वहां से चला तो रिजोर थाना क्षेत्र के गांव गुलालपुर उर्फ नगला बाचा निवासी सहवीर सिंह (40) सवारी के रूप में मिल गया। वह भी दिल्ली में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता था। इसी थाना क्षेत्र के गांव फफोतू निवासी आराम सिंह और अतर सिंह निवासी मनकापुर थाना सोरों जिला कासगंज भी मिल गए।
सभी लोग टैक्सी में बैठकर रक्षाबंधन मनाने के लिए घर आ रहे थे। टैक्सी शनिवार सुबह लगभग 6 बजे अवागढ़ थाना क्षेत्र में चुरथरा चौराहे के पास पहुंची। चालक को नींद की झपकी आ जाने से वह अज्ञात वाहन से टकरा गई। दुर्घटना होते ही कार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इन्होंने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अवागढ़ पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने अजय को मृत घोषित कर दिया। कुछ देर चले उपचार के बाद सहवीर की भी सांसें थम गईं। गंभीर रूप से घायल आराम सिंह का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। अतर सिंह को सेहत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
इकलौते भतीजे को मेरठ से अवागढ़ खींच लाई मौत
प्रदीप कुमार ने बताया कि भतीजा अजय शुक्रवार को मेरठ से सवारी लेकर दिल्ली पहुंचा था। वहां से एक सवारी आगरा की, 1 सोरों और 2 सवारी एटा की मिल गईं। वह यमुना एक्सप्रेस-वे से होते हुए घर लौट रहा था। अवागढ़ क्षेत्र में आगरा रोड पर यह दुर्घटना हो गई। अजय इकलौता होने से सबका लाड़ला था। तीन बहनों के बीच अकेला भाई था। रक्षाबंधन वाले दिन मौत होने के कारण परिजन सदमे में हैं। बहनें बार-बार रोते हुए कहती हैं कि अब किसके राखी बांधें। वह बार-बार बेहोश हो रही थीं।