लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में शुक्रवार से तीन दिन का आम महोत्सव शुरू होने जा रहा है। सीएम योगी इसका शुभारंभ करेंगे। उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 04 से 06 जुलाई तक अवध शिल्पग्राम, लखनऊ में आम महोत्सव-2025 का आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव का उद्घाटन 04 जुलाई को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेश के आमों के कंटेनर को लंदन, दुबई सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात के लिए रवाना करेंगे। वह स्मारिका का विमोचन करेंगे व प्रदेश के प्रगतिशील आम उत्पादकों का सम्मान भी करेंगे। मंत्री ने कहा कि यह महोत्सव प्रदेश के आम उत्पादकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने तथा आम के विविध स्वरूपों को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक सशक्त पहल है।
उन्होंने बताया कि आम महोत्सव में लगभग 800 किस्मों के आमों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो आगंतुकों को प्रदेश की बागवानी विविधता से रूबरू कराएगा। चार को ही दोपहर 12 बजे से क्रेता-विक्रेता सम्मेलन तथा तकनीकी सत्रों में आम की सुरक्षित तुड़ाई, पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट, विपणन व निर्यात आदि पर चर्चा होगी।
शाम छह बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसका शुभारंभ उद्यान विभाग के अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा करेंगे। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक पवन सिंह की लोक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण होंगी।
कुमार विश्वास की काव्य प्रस्तुति भी
5 जुलाई को सुबह 10 बजे तकनीकी सत्रों का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। इस सत्र में आम उत्पादन तकनीक, पोषण प्रबंधन, कीट व व्याधि नियंत्रण, संरक्षित खेती जैसे विषयों पर वैज्ञानिकों एवं किसानों के बीच संवाद होगा। इसी दिन दोपहर दो बजे बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता होगी, जो उत्सव में सहभागिता को और रोचक बनाएगी।
शाम छह बजे आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। इस अवसर पर कवि डॉ. कुमार विश्वास की काव्य प्रस्तुति होगी। छह जुलाई को सुबह 11 बजे से तकनीकी सत्र में आम प्रसंस्करण तकनीकों, विभागीय योजनाओं व वैज्ञानिक-उत्पादक परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। दोपहर तीन बजे महोत्सव का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। इसमें मुख्य अतिथि उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह होंगे।