नई दिल्ली: महाराष्ट्र को अगला मुख्यमंत्री गुरुवार को मिल जाएगा. उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इस बीच NCP के ‘बागी’ नेता अजित पवार की भी ‘घर वापसी’ हो गई. मंगलवार को डिप्टी सीएम के पद से इस्तीफा देने के बाद अजित पवार ने देर शाम पार्टी प्रमुख और अपने चाचा शरद पवार से मुलाकात की. अब सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है अजित पवार को एक बार फिर विधायक दल का नेता चुना जा सकता है और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. BJP सरकार में डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने के बाद उन्हें इस पद से हटा दिया गया था. इससे पहले अजित पवार ने जैसे ही बुधवार को सुबह विधान भवन के परिसर में प्रवेश किया तो उनकी चचेरी बहन और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने उन्हें गले लगाया. NCP प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले अपनी पार्टी के विधायकों का स्वागत करने के लिए विधान भवन के प्रवेश द्वार पर ही खड़ी थीं.
विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए अजित पवार ने कहा, ‘मैं NCP में था और अब भी हूं. मैनें पार्टी कभी नहीं छोड़ी.’ देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को समर्थन देने के लिए अजित पवार के शनिवार को अपनी पार्टी से बगावत करने के बाद भावुक दिखी उनकी चचेरी बहन सुले ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा था कि ‘पवार परिवार और पार्टी’ बंट गई है.’ उन्होंने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस में लिखा था, ‘आप जीवन में किसपर भरोसा करोगे. इतना ठगा हुआ कभी महसूस नहीं हुआ. उनका बचाव किया, उन्हें प्यार दिया. देखो बदले में क्या मिला मुझे.’
इससे पहले सूत्रों के मुताबिक खबर थी कि शिवसेना-NCP-कांग्रेस की सरकार में दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे. एक डिप्टी सीएम कांग्रेस का होगा और दूसरा NCP का बनेगा. कांग्रेस की तरफ से बाला साहेब थोराट और NCP के जयंत पाटिल को डिप्टी सीएम बनाए जाने की खबरें थीं.