CM पुष्कर सिंह धामी ने आसमान में छाए बादलों और खुशगवार मौसम में देश की आजादी की 77 वीं सालगिरह और 78वें स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी के परेड ग्राउण्ड पर आयोजित समारोह में ध्वजारोहण करने के साथ ही सरकार की विकास तथा कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया.उपलब्धियों को पेश किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया.फोटो प्रदर्शनी देखी.पुलिस के अफसरों और जवानों को उनके श्रेष्ठ कार्यों के लिए सम्मानित किया.डोडा में शहीद कैप्टन दीपक सिंह को जौली ग्रांट एयरपोर्ट में पुष्पचक्र चढ़ा के श्रद्धांजलि अर्पित की.
मुख्यमंत्री ने तिरंगा ध्वज फहराने के साथ ही 8 घोषणाएं कीं।1.हर जिले में एक स्थानीय निकाय को आदर्श निकाय के तौर पर विकसित किया जाएगा।2.उद्योग, बागवानी तथा कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले काश्तकारों, उद्यमियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरूस्कार के रूप में एक लाख, 75 हजार एवं 50 हजार रूपये ईनाम के तौर पर दिए जाएंगे.3. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के नियमित कर्मचारियों के लिए कर्मचारी व्यक्तिगत ऋण योजना लागू की जाएगी।
4.वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, जन्म से दिव्यांग बच्चों को अनुदान योजना एवं परित्यक्ता पेंशन योजना में वर्तमान में निर्धारित मासिक आय 4000 से बढ़ाकर 6000 रूपये मासिक किया जाएगा।5.युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास योजनान्तर्गत प्रशिक्षण की विषय-वस्तु का निर्धारण जिला कौशल विकास समिति करेंगी.ये स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप होंगी.6.वरिष्ठ नागरिकों के समग्र कल्याण के लिए नीति बनई जाएगी.7.राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने और ट्राउट मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ’’मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना’’ के लिए 200 करोड़ रूपये की योजना शुरू की जाएगी.8.पशुपालकों को आधुनिक पशुचिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से 75 करोड़ रूपये की लागत से सभी जिलों में एक-एक मॉडल पशु चिकित्सालय स्थापित किए जाएंगे. लगभग 11 लाख पशुपालक परिवारों के पशुधन को सुरक्षा प्रदान की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ वीरभूमि भी है. वीरों के बलिदान और शौर्य के सम्मान के लिए प्रण लेना है कि हम विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत बनाने के लिए अपना योगदान सुनिश्चित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक की प्रथा को गैर कानूनी घोषित करना, अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मस्थली पर भव्य मंदिर का निर्माण, अंग्रेजों के समय से चले आ रहे कानूनों को रद्द करना, यह सब प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व से ही संभव हो सका है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार SDG इंडेक्स रैंकिंग में उत्तराखण्ड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ईज़ ऑफ डूंइंग बिजनेस की श्रेणी में उत्तराखंड अचीवर्स और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर की श्रेणी में शामिल है। उत्तराखण्ड ग्रोस एन्वायरमेंट प्रोडक्ट (GEP) का इंडेक्स तैयार कर ईकोसिस्टम ग्रोथ का आंकलन करने वाला भारत का प्रथम राज्य बन चुका है। समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश में पहला राज्य होगा।