करनाल के घरौंडा क्षेत्र के कुटैल गांव में मंगलवार की शाम एक क्राइम ब्रांच के एएसआई की एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। शाम को एएसआई अपने घर के सामने टहल रहे थे, तभी अचानक बाइक सवार आए और गोली मारकर चले गए। घायलावस्था में एएसआई को करनाल के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौके पर दो कारतूसों के खोखे भी मिले हैं।

बताते हैं कि कुटैल गांव निवासी 40 वर्षीय संजीव यमुनानगर की क्राइम ब्रांच में बतौर एएसआई तैनात थे। वह मंगलवार को अपने घर पर ही थे। शाम को वह अपने घर के सामने ही टहल रहे थे, तभी एक पल्सर बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए और उन पर गोलियां चला दी।
जिससे घर परिवार के साथ-साथ गांव में भी खलबली मच गई। आनन फानन उन्हें करनाल के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या क्यों की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। घरौंडा थाना प्रभारी मनीष ने बताया कि एएसआई संजीव को गोली मारी गई है। पुलिस हमलावरों तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।