इंस्टाग्राम पर रील बनाने के लिए लोग अपनी व दूसरों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे। ऐसी ही एक घटना शुक्रवार की देर शाम थाना बानपुर के ग्राम बड़ोखरा में घटी जहां एक युवक ने पेट्रोल से भरी बोतल में आग लगाने के बाद उसे लात मारी तो बोतल का ढक्कन खुल गया और पास में खड़े एक किशोर के ऊपर जाकर गिर गई। इससे किशोर आग से झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को टीकमगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम बड़ोखरा निवासी मोहित अहिरवार (13) पुत्र सुरेश अहिरवार शुक्रवार की देर शाम को अपने घर के पीछे मौजूद था। वहीं पर गांव का एक युवक इस्टाग्राम के लिए अपने मोबाइल से रील बनाने की तैयारी कर रहा था। युवक ने एक प्लास्टिक की बोतल जिसमें करीब आधा लीटर पेट्रोल भरा हुआ था उसे जमीन पर रख दिया। पास में खड़ा मोहित यह सबकुछ खड़ा हुआ देख रहा था।
युवक ने मोबाइल की रिकार्डिंग चालू की और जमीन पर पेट्रोल से भरी बोतल में माचिस की तीली जलाकर आग लगा दी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता। युवक ने आग लगी बोतल में लात मार दी। जिससे बोतल उछलकर वहीं पास में खड़े मोहित के पैरों से टकरा गई। मोहित के लोवर में आग लग गई। कपड़ो में आग लगने से मोहित चिल्लाने लगा।
चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों सहित परिजन भागकर मौके पर पहुंचे और आग लगे कपड़ों को मोहित के शरीर से उतारा। इस बीच आग से मोहित के दोनो पैर झुलस गए थे और वह घायल हो गया था। आनन फानन घायल को बानपुर के अस्प्ताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताई तो परिजन उसे लेकर मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला अस्पताल पहुंचे और यहां भर्ती कराया। मोहित के पिता ने गांव के युवक पर रील बनाने के चक्कर में पेट्रोल से भरी बोतल में आग लगाकर लात मारने से पास में खड़े उसके पुत्र के कपड़ों में आग लगने और झुलसकर घायल होने आरोप लगाया है।
रील बनाने के चक्कर में एक युवक द्वारा आग लगी बोतल में लात मारने से पास में खड़ा किशोर आग की चपेट में आकर झुलकर घायल हो गया है। परिजनों ने अभी कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है। शिकायती पत्र मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-सियाराम वर्मा, थानाध्यक्ष बानपुर