बाबा केदार के दर्शन के लिए मौसम की चुनौती के आगे श्रद्धालुओं का उत्साह नहीं डिगा है। कपाट खुलने के मौके पर हजारों श्रद्धालु बाबा केदार के जयकारे के साथ धाम में पहुंचे। छानी कैंप से आगे केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग पर ज्यादा बर्फ है। बड़ी लिनचोली से केदारनाथ धाम तक श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए जगह-जगह पंडाव पर प्राइवेट टेंट की व्यवस्था है। जबकि गढ़वाल मंडल विकास निगम ने दो हजार श्रद्धालुओं के रुकने की व्यवस्था कर रखी है।
मौसम विभाग की ओर से बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी करने और सरकार की अपील के बावजूद लगभग आठ हजार श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे। छोटी लिनचोली से पैदल रास्ता ठीक है। लेकिन छानी कैंप से आगे केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग पर बर्फ है। पैदल चलने वाले श्रद्धालु बर्फ को देख कर काफी उत्साहित दिखे।
सोमवार को सुबह सात बजे से ही सोनप्रयाग से श्रद्धालु केदारनाथ जाने लगे थे। दिन चढ़ने के साथ ही यात्रियों की संख्या में इजाफा होता रहा जिससे गौरीकुंड, जंगलचट्टी, भीमबली, छोटी लिनचौली, बड़ी लिनचौली से लेकर केदारनाथ धाम तक रौनक बढ़ती रही। मौसम की दुश्वारियों के बीच पैदल मार्ग पर बाबा के जयकारे और भजन कीर्तनों के साथ भक्तों का उल्लास अपने चरम पर रहा।