धामी सरकार ने प्रदेश के हर व्यक्ति गरीब हो या अमीर को मुफ्त इलाज कैशलेस इलाज की सुविधा देने को आयुष्मान योजना में 400 करोड़ का प्रावधान किया है। इसके अलावा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और बुनियादी ढांचे के लिए बजट में व्यवस्था की है।
आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश के सभी परिवारों को पांच लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा है। इसके लिए सरकार ने आयुष्मान योजना को संचालित करने के लिए बजट बढ़ाया है। इसके अलावा प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच के लिए 400 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को प्रदेश के चार राजकीय मेडिकल काॅलेज से जोड़ा जाएगा। तीन नए मेडिकल कॉलेजों के लिए भी अलग-अलग बजट प्रावधान किए गए हैं।
चिकित्सा शिक्षा के लिए सरकार ने तीन साल के कुछ लक्ष्य घोषित किए हैं। इनमें हल्द्वानी में राज्य का पहला कैंसर संस्थान शुरू करने, दून मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त 570 बेड के वार्ड का संचालन शुरू करने, दो नए नर्सिंग कॉलेज बाजपुर व कोटगी (गुप्तकाशी) का संचालन करने, नर्सिंग कॉलेज में पीजी नर्सिंग की 50 से अधिक सीटों में शिक्षण शुरू करने की योजना है।