september 13,22 /अनामिका मिश्रा
देहरादून। उत्तराखंड में मदरसों को लेकर उत्तराखंड सरकार सर्वे कराने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इस पर बड़ा बयान सामने आया है।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में मदरसों के कामकाज और गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं।
इन शिकायतों को राज्य सरकार द्वारा गंभीरता से लिया जा रहा है, जिसे देखते हुए प्रदेश के सभी मदरसों का सर्वे किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मदरसो को तालीम तक सीमित रहना चाहिए और इसके अलावा उनकी क्या गतिविधियां है इसकी जांच की जानी जरूरी है।
हालांकि विगत दिवस उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष बने शादाब शम्स ने उत्तराखंड में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों से अवैध निर्माण ढहाने की बात कही थी। उन्होंने प्रदेश मे गैर पंजीकृत मदरसों की यूपी की तर्ज पर जांच की मांग की थी।
गौरतलब है कि प्रदेश मे भी कई संगठनों के द्वारा मदरसा आधारित शिक्षा और मदरसो के सर्वे कराये जाने की मांग की जाती रही है।
पंजीकृत और बिना पंजीकरण के चल रहे मदरसो की वस्तुस्थिति क्या है इस पर भी जांच की मांग की जाती रही है।
सरकार मदरसो का सर्वे यूपी की तर्ज पर कराने की तैयारी कर रही है। इससे सरकारी अनुदान और निजी संस्थान के तौर पर चलने वाले मदरसो की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।