कांग्रेस ने भाजपा पर आतंकवादियों को प्रश्रय देने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि आजाद भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी राजनीतिक दल पर आतंकी गतिविधियों में शामिल लोगों को अपने दल की सदस्यता और चुनावी टिकट देेने के गंभीर आरोप लगे हैं।
शनिवार को राजपुर रोड स्थित पीसीसी मुख्यालय भवन में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे ने देश में बीते दिनों हुई तमाम घटनाओं को लेकर भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि रियाज राजस्थान विधानसभा में बीजेपी के नेता और पूर्व मंत्री गुलाबचंद कटारिया के दामाद और पूर्व पार्षद अतुल चंडालिया की फैक्ट्री में काम कर चुका है। इसे भाजपा के कई कार्यक्रमों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ देखा गया है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में ग्रामीणों की ओर से पकड़े गए लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों में से एक तालिब हुसैन की भी बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं और गृह मंत्री अमित शाह के साथ तस्वीर सामने आई हैं। दूबे ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के अमरावती में केमिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या के कथित मास्टरमाइंड इरफान खान का निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा से संबंध है।