उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से आयुर्वेद विभाग, राजकीय मेडिकल कालेज और स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों व एएनएम के खाली पदों पर बंपर भर्ती होगी। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता हटने के बाद बोर्ड ने लगभग 1500 पदों की भर्ती की कवायद शुरू कर दी है। इसमें आयुर्वेद चिकित्साधिकारियों के 256 पदों की विज्ञप्ति जारी कर दी है।
चुनाव से पहले चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को आयुर्वेद विभाग ने 256 पद, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने राजकीय मेडिकल कालेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 393 पद और स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के 824 पदों पर भर्ती करने का प्रस्ताव मिला था। आचार संहिता लागू होने के कारण भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी। अब आचार संहिता हटने से चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है।