अपराध की दृष्टि से बेहद संवेदनशील ऊधमसिंह नगर जिला, पठानकोट बम ब्लास्ट के आतंकी को शरण देने के कारण फिर सुर्खियों में है। शरण लेने वाला आतंकी पाकिस्तान से संचालित आईएसवाईएफ (इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन) संगठन से जुड़ा था। आईएसवाईएफ से पहले आतंकवाद और माओवाद भी तराई में अपनी जमीन तैयार करने की कोशिश कर चुका है लेकिन कोई भी संगठन यहां स्थापित होने में सफल नहीं हो सका।
ऊधमसिंह नगर में कई साल पहले आतंकवादी गतिविधियां चरम पर थी। 2001-02 में दिल्ली पुलिस ने यहां सिंह कॉलोनी में किराए पर रह रहे तीन आतंकियों को ढेर किया था। इससे पहले 90 के दशक में रुद्रपुर शहर में आतंकियों ने अलग-अलग स्थानों पर तीन बम विस्फोट किए थे। इसमें कई लोगों की जान गई और पूरा शहर दहल गया था। फिर माओवाद ने अपने पैर पसारने शुरू किए। माओवादियों ने खटीमा, सितारगंज और दिनेशपुर क्षेत्र में कई गतिविधियों को अंजाम दिया।