पहाड़ों की रानी मसूरी, धनोल्टी और चकराता में शनिवार रात फिर बर्फबारी हुई है। रिमझिम बारिश के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की खबर मिलते ही लोग मसूरी और धनोल्टी के लिए दौड़ रहे हैं।

पर्यटकों की बर्फबारी देखने की मुराद पूरी हो गई है। बीते तीन दिनों से रुक-रुक कर हो बारिश का असर यह रहा कि शनिवार दोपहर बाद मसूरी के लालटिब्बा, चार दुकान, माल रोड और आसापास के क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी देख यहां पहुंचे पर्यटकों ने जमकर लुत्फ उठाया। वहीं बुरांशखंडा और धनोल्टी में भी जमकर बर्फ गिरी। शनिवार रात को भी मसूरी के ऊंचाई वाले इलाकों, धनोल्टी और चकराता में जमकर बर्फ पड़ी है। इसी क्रम में रविवार को भी पर्यटकों के आने का सिलसिला जारी है।
मसूरी शहर में शनिवार दोपहर बाद सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई। माल रोड और आसपास के निचने इलाकों में बर्फ ज्यादा देर नहीं टिक पाई। वहीं लालटिब्बा और चार दुकान क्षेत्र में सीजन की चौथी बर्फबारी हुई। यहां पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। उधर, धनोल्टी और बुरांशखंडा क्षेत्र में भी जमकर बर्फबारी हुई। धनोल्टी में बर्फबारी देखने के लिए लगातार पर्यटक पहुंच रहे हैं। बुरांशखंडा में हिमपात से आसपास की पहाड़ियां ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है।