सपा सरकार में सरकारी धन की लूट-खसोट पर मुख्यमंत्री ने बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि शादी अनुदान की राशि को भी विचौलिये खा जाते थे। हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक शादी कार्यक्रम का आयोजन करके इस लूटखसोट को बंद किया। यही नहीं गरीब कन्या की शादी में मिलने वाली बीस हजार की राशि को बढ़ाकर 51 हजार रुपये कर दिया। प्रदेश के डेढ़ करोड़ श्रमिकों के खाते में दो महीने का भरण-पोषण भत्ता भेजते के साथ ही सफाई कर्मियों को भी इस योजना में शामिल करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के डेढ़ करोड़ से ज्यादा संगठित व असंगठित श्रमिकों को सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान भरण पोषण भत्ता देने का काम हमारी सरकार कर रही है। पहली बार श्रमिकों के बारे में चिंता करने वाली सरकार है चाहे व केन्द्र हो या प्रदेश की सरकार। 2017 के पहले श्रमिक शोषण का शिकार होता था शासन की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिलता था। न राशन कार्ड होता था न कोई ठिकाना। बारिश के दिनों में भूखा रहना पड़ता था क्योंकि रसोई गैस नहीं थी। बीमार हो जाए तो संकट खड़ा हो जाता था क्योंकि उपचार की कोई व्यवस्था नहीं थी। लेकिन मोदी सरकार में सबका साथ और सबका विकास का नारा चरितार्थ हो रहा है। क्योंकि हर गरीब को स्वास्थ्य का बीमा, आवास, बिजली, शौचालय उपलब्ध कराया जा रहा है।