मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झबरेड़ा क्षेत्र को कई योजनाओं की सौगात देने के साथ ही 45 करोड़ 47 लाख की 13 योजनाओं का लोकार्पण और 316 करोड़ 55 लाख की 121 योजनाओं का शिलान्यास किया। रविवार को यहां रवि कृषक महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में दो मिनी स्टेडियम, मिनी फायर स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और आंबेडकर पार्क जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। साथ ही हर गांव में ओपन जिम खोलने की भी घोषणा की।
झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल की ओर से आयोजित रवि कृषक महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए कृषि यंत्रों एवं अन्य सामानों के स्टाल का अवलोकन किया। इसके बाद मोहम्मदपुर बुुजुर्ग की प्रगतिशील किसान निर्मला और रानी माजरा बहादराबाद के प्रगतिशील किसान देशराम सैनी को प्रशस्तिपत्र एवं नगद धनराशि से सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहली बार देश को नरेंद्र मोदी के रूप में ऐसा प्रधानमंत्री मिला है, जिनके नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया जा सका और राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सका। उन्होंने कहा कि पीएम का मिशन किसानों की आय दोगुनी करना है। इसके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। कांग्रेस से 60 वर्षों में सत्ता को सुख का साधन बनाया जबकि नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग को निचले स्तर तक लाभ दिया।