प्रदेश में 15 से 18 वर्ष की उम्र के किशोरों का टीकाकरण तीन जनवरी से होगा। इसके लिए पंजीयन शुरू हो गया है। करीब 1.40 करोड़ किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों का पंजीकरण करके उन्हें सुरक्षा कवच सुनिश्चित कराएं।
प्रदेश में कोविड संक्रमण की दर को देखते हुए टीकाकरण की गति भी बढ़ा दी गई है। अभी तक 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा था, लेकिन अब 15 साल से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण भी शुरू किया गया है। इसके लिए कोविन पोर्टल पर पंजीयन कर टीकाकरण केंद्रों पर जाना होगा। वहीं, बीमारी से ग्रसित 60 साल से अधिक उम्र के लोगों, हेल्थ केयर वर्कर और फ्रंट लाइन वर्कर को प्रीकॉशन डोज देने की शुरुआत 10 जनवरी से होगी। इन सभी को भी कोविन पोर्टल पर पूर्व में हुए पंजीकरण के आधार पर प्रीकॉशन डोज दी जाएगी। चुनाव ड्यूटी में शामिल होने वाले कर्मचारियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।