प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखने के लिए गुरुवार को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मैदान लोगों से खचाखच भर गया। जिसके बाद लोगों को वापस लौटाया गया। भीड़ बढ़ती देख पुलिस ने जनसभा स्थल के पास बैरिकेड लगाकर लोगों को रोक दिया और वापस भेज दिया। जिससे लोगों में रोष दिखाई दिया। लोगों ने सड़क और घर की छतों पर खड़े होकर पीएम का संबोधन सुना। संबोधन के दौरान पीएम ने उनकी ओर इशारा कर कुशलक्षेम भी पूछी।
वहीं पुलिस-प्रशासन के व्यवस्था बनाने में हाथ-पैर फूल गए। वहीं इस दौरान कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभास्थल पर पहुंचे लोगों की जांच भी की गई। लोगों को सैनिटाइज भी किया गया। लोगों से मास्क पहनने की अपील की गई।
प्रधानमंत्री को सुनने के लिए नैनीताल सहित आस-पास के जिलों से भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और लोग हल्द्वानी पहुंचे। आसपास के इलाकों से बच्चे भी पीएम मोदी को देखने मैदान में आए। पहली बार हल्द्वानी में आए पीएम मोदी को देखने और सुनने के लिए बड़ी तादाद में समर्थक पहुंचे। समर्थकों के हाथों में पोस्टर बैनर भी दिखे। रैली में मोदी समर्थक हनुमान का वेश धर कर पहुंचे। वहीं रैली के लिए पहुंचे लोगों का कहना था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखने के लिए यहां पहुंचे हैं।