रायबरेली की छात्राओं का कहना है कि योगी सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अच्छा काम किया है। अब लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। अगर कोई घटना होती भी है तो पुलिस तुरंत एक्शन लेती है। हालांकि रोजगार के मामले में अखिलेश यादव ठीक थे। अखिलेश यादव के समय काफी भर्तियां निकाली गईं थीं। पढ़िए फिरोज गांधी महाविद्यालय में आयोजित चर्चा में युवाओं ने क्या कहा?
महिला सुरक्षा में योगी सरकार पास
कॉलेज की ज्यादातर छात्राओं ने कहा कि पहले के मुकाबले अब वह ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं। योगी सरकार में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है। अब घर से अकेले निकलने में भी डर नहीं लगता है। सरकार ने कई तरह की हेल्पलाइन शुरू की है। जहां से लड़कियां मदद ले सकती हैं।
छात्र-छात्राओं ने कौन से मुद्दे उठाए?
पुष्पा और ओमिका सिंह ने कहा कि यहां रोजगार की संभावनाएं बहुत ज्यादा नहीं हैं। यहां रोजगार की संभावना औसतन है। हालांकि, योगी और मोदी की सरकार अच्छा काम कर रही है। एक छात्रा ने कहा कि यहां की सड़कें बहुत खराब हैं।
बीकॉम के छात्र तनुज कुमार ने कहा कि यहां यादव वोटर्स की संख्या ज्यादा है। इसलिए सभी लोग अखिलेश यादव की तरफ ही जाते हैं। तनुज ने भाजपा सरकार की तारीफ की। कहा कि भाजपा को हर वर्ग के लोग पसंद करते हैं। यहां जातिवाद नहीं होता है। रोजगार के सवाल पर भी तनुज ने जवाब दिया। कहा कि आज के समय जो लोग योग्य हैं, उन्हें रोजगार मिल रहा है।
आकाश यादव और सत्येंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में बहुत से काम हुए थे। उनके समय एंबुलेंस और डायल-100 की सेवा शुरू हुई। कई भर्तियां निकाली थी।
आयुषी त्रिवेदी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में बहुत अच्छा काम हुआ है। उन्होंने जो कहा था, वो करवाया। अयोध्या में राम मंदिर बना, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बना। अब महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं। सुकृति ने कहा कि पेपर लीक करने वालों पर दिखावे की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।