भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को अंबेडकरनगर के अकबरपुर से जन विश्वास यात्रा को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने भोजपुरी में अपने भाषण की शुरुआत की और जै श्रीराम का नारा लगाया। उन्होंने कहा, ‘ई हमार सौभाग्य है कि भगवान श्रीराम की धरती पर हम हैं। हम उनको नमन करत हैं। भगवान श्रीराम के लिए जोरदार नारा होई जाई… जै श्री राम। उन्होंने कहा कि मैं डॉ. डॉक्टर राम मनोहर लोहिया को नमन करते हुए यहां की धरती से लोगों का आशीर्वाद लेने आया हूँ। मुझे इस धरती पर आने का सौभाग्य मिला है। यहां से यात्रा शुरू होकर करोड़ो लोगों का विश्वास प्राप्त करेगी।
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में लोगों को बांटा जाता था। एक दूसरे को लड़ाया जाता था लेकिन भाजपा सरकार में सबको साथ लेकर चला जा रहा है। बाकी पार्टियों में वंशवाद परिवारवाद है। वे सभी वोट बैंक की राजनीति करती हैं। इनको जोड़ लो। उनको तोड़ लो यही करती हैं लेकिन भाजपा सबके लिए काम करती है। उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना और आयुष्मान योजना सबके लिए है। अन्य दलों में यह सम्भव नहीं है। अब चुनाव आ गए हैं, सभी राजनीतिक दल लुभावने नारे लगाएंगे, लेकिन पीछे की सरकारों ने क्या किया है, यही उनके आगे की भूमिका तय करेगा।