PM नरेंद्र मोदी की तर्ज पर CM पुष्कर सिंह धामी ने भी खेलों और खिलाड़ियों के विकास और प्रोत्साहन पर ज़ोर देते हुए आज कैबिनेट से नई Sports Policy मंजूर करा लिया। ये खेल नीति ढंग से अमल में आती है तो उत्तराखंड के खेलों की दुनिया में बहुत बड़ा उछाल आ सकता है। शिक्षण संस्थानों में खिलाड़ियों को प्रवेश में 5 फीसदी कोटा और अच्छे प्रदर्शन पर नौकरी में Out Of Turn प्रोन्नति तथा 8 साल की उम्र से ही प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति देने की व्यवस्था नीति में की गई है। प्रशिक्षण और अन्य के लिए National Institute of Sports (NIS) जैसा संस्थान राज्य में स्थापित किया जाएगा।

मोदी की खेलों में दिलचस्पी जग जाहिर है। ऐसे में CM पुष्कर का भी खेलों में विशेष दिलचस्पी लेना स्वाभाविक है। नई खेल नीति भविष्य में कितनी सफल होती है, ये अभी नहीं कहा जा सकता है लेकिन इसको अभी तक की सर्वश्रेष्ठ खेल नीति माना जा रहा है। खिलाड़ियों का खेलों की दुनिया में बेहतर प्रदर्शन करना और साथ ही पढ़ाई में वक्त न दे पाने के कारण पिछ्ड़ना स्वाभाविक है। ऐसे में उनको बेहतरीन कॉलेजों और विवि में प्रवेश के लिए दिक्कत न हो, इसके लिए नई नीति में 5 फीसदी कोटा तय कर दिया गया है।
प्रशिक्षकों और अंपायरों के साथ ही खेल मनोवैज्ञानिक तैयार करने के लिए अलग से संस्थान स्थापित होगा। उत्कृष्ट नतीजे देने वाले खिलाड़ियों को तय बारी से पहले ही प्रोन्नति देने की व्यवस्था और बेहतर की गई है। राज्य स्तर पर खेल ग्रिड के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत स्तर से ले के कॉलेजों तक खेल अवस्थापना सुविधाओं का निर्माण और विकास किया जाएगा। खेल गतिविधियों के संचालन और अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि का गठन किया जाएगा।