मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात आरक्षी शेष कुमार सिंह (29) ने शनिवार सुबह महानगर की राजकीय कॉलोनी स्थित अपने क्वार्टर में सर्विस पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मगर भतीजे ने जानकारी दी कि शेष कुमार सिंह को रविवार को गोरखपुर में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा देनी थी। ऐसे में परीक्षा से एक दिन पहले भला क्या हो गया कि उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस छानबीन कर रही है।
मूल रूप से गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के हड़ियागाड़ा गांव निवासी शेष कुमार सिंह उर्फ अन्नू सिंह (29) करीब चार साल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात था। वह महानगर इलाके की राजकीय कॉलोनी स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में रहता था। शनिवार सुबह ड्यूटी से लौटने के बाद शेष कुमार सिंह ने अपने क्वार्टर में सर्विस पिस्टल से दाहिनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली सिर को भेदते हुए बायीं ओर निकल गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त शेष कुमार सिंह का भतीजा विपुल सिंह भी क्वार्टर में था। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
शहर में चल रही डीजीपी कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी के चलते घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन महानगर इंस्पेक्टर दिनेश मिश्र मौके पर पहुंचे और छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एडीसीपी (उत्तरी) प्राची सिंह का कहना है कि मामले में परिवारीजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जाएगी।