रुद्रपुर में आंबेडकर पार्क में आयोजित एक न्यूज चैनल के लाइव शो के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। विवाद न थमने पर कार्यक्रम बंद कर दिया गया।
दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद हाथापाई
बुधवार शाम चैनल के लाइव शो में भाजपा विधायक राजकुमार और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तिलकराज बेहड़ भी पहुंचे थे। कार्यक्रम में लाइव डीबेट के दौरान भाजपाई व कांग्रेसी एंकर के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान अचानक विधायक ठुकराल और बेहड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद हाथापाई शुरू हो गई। एक-दूसरे पर लात-घूंसे भी चलाए, जिससे कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई।
हंगामा न थमने पर कार्यक्रम बंद किया
सूचना पर कोतवाल विक्रम राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए, लेकिन दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। दोनों पार्टियों के पदाधिकारियों ने एक दूसरे पर मारपीट, गाली गलौज और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया। वहीं हंगामा न थमने पर कार्यक्रम बंद कर दिया गया।
किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई
कोतवाल राठौर ने कहा कि लाइव डिबेट के दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया था, लेकिन किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है