कोलंबो: भारत द्वारा उपलब्ध कराया गया ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका का टीका कोविशील्ड शुक्रवार को जिन 5,286 श्रीलंकाई लोगों को लगाया गया था, उनमें कोई प्रतिकूल प्रतिक्रिया या दुष्प्रभाव देखने को नहीं मिले हैं. स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. श्रीलंका ने अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों, सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों को कोरोना वायरस का टीका लगाने के राष्ट्रीय कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान की शुक्रवार को शुरूआत की थी. भारत ने श्रीलंका को कोविशील्ड टीके की पांच लाख खुराक उपहार में दी थी. टीकाकरण अभियान के पहले दिन 5,286 लोगों को टीका लगाया गया था. स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों में टीके के कोई दुष्प्रभाव नहीं देखे गये हैं.
श्रीलंका सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के टीके कोविशील्ड के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दी थी.