देश के कई राज्यों में बर्ड फ्लू का प्रकोप देखते हुए लखनऊ जू प्रशासन ने शनिवार से वन्यजीवों को मुर्गे के गोश्त (चिकन) की खुराक बंद कर दी है। वन्यजीवों को किसी भी तरह के संक्रमण से बचाने के लिए लागू की गई यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। यही नहीं जिन भी वन्यजीवों को खुराक में अंडे दिए जाते हैं उन्हें भी ये अब 20 मिनट तक उबालने के बाद ही दिए जा रहे हैं।
बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए एहतियात के तौर पर बाड़ों को सैनिटाइज और विसंक्रमित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा भी कई बदलाव जू प्रशासन ने किए हैं। अब चिड़ियाघर जाने से पहले दर्शकों को फुटवॉश से गुजरना होगा और हाथ सैनिटाइज किए बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। इन सब बदलाव के अलावा परिंदों के बाड़ों में जाने वाले भोजन को पहले पोटेशियम परमैगनेट के पानी से विसंक्रमित किया जा रहा है। प्राणी उद्यान के महानिदेशक ने बताया, ‘चिकन और अंडा बंद कर दिया गया है। निर्देश दिया है कि कोई चिड़िया अस्वस्थ हो या मर जाए तो उसे अलग किया जाए। बर्ड सेक्शन सील है और हाई अलर्ट पर है।