मायके में रह रही पत्नी को विदा कराने पहुंचे पति का ससुर से विवाद हो गया। दामाद ने ससुर पर तलवार से हमला कर दिया। चीख-पुकार के बाद दौड़ी सास, पत्नी और दो साली के साथ ही नाती को भी आरोपी ने प्रहार कर घायल कर दिया।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी दामाद को पेड़ से बांधकर पीटा और फिर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर मजरे बिरौलीझाम निवासी मुकेश प्रजापति (30) पुत्र रामनाथ की शादी चार वर्ष पूर्व कूरेभार थाना क्षेत्र के पूरे चतुर पुरवा गांव निवासी मिठाईलाल प्रजापति की बेटी अनीता से हुई थी। शादी के बाद से ही अनीता अपने मायके आ गई और वापस ससुराल नहीं गई।
शनिवार की सुबह मुकेश प्रजापति अपनी ससुराल पूरे चतुर पुरवा गांव पहुंचा और ससुर मिठाईलाल से पत्नी को विदा करने को कहा। मिठाईलाल ने बेटी को विदा करने से इंकार कर दिया। इससे आक्रोशित मुकेश ने साथ लेकर आई तलवार से उन पर हमला कर दिया। मिठाईलाल की चीख सुनकर मुकेश की पत्नी अनीता, साली मनीषा, ज्ञानमती, सास दुर्गावती और नाती पंकज भागकर वहां पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें भी तलवार से मारकर घायल कर दिया।