कृषि कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे किसानों पर ठंड भारी पड़ने लगी है। गुरुवार को भी एक किसान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, टीकरी बॉर्डर पर धरना दे रहे पंजाब के किसान जय सिंह को गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। जय सिंह के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। किसानों के आंदोलन में अब तक 12 किसानों की जान जा चुकी है। वहीं कुंडली बार्डर में ड्रेन में गिरने से पंजाब के किसान की मौत हो गई। सुबह ड्रेन में शव मिला। किसान रात को ड्रेन में कैसे गिरा, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
37 साल के जय सिंह बठिंडा के गांव टुंगा वाली के रहने वाले थे। जय सिंह एक हफ्ते पहले ही अपने गांव के अन्य आंदोलनकारी किसानों के साथ बहादुरगढ़ आया था। वीरवार रात को भी वह टीकरी बॉर्डर के निकट अपनी ट्रैक्टर-ट्राली में बनाए गए तम्बू में सो रहा था। सुबह देर तक नहीं उठा तो साथी किसानों ने उसको जगाने की कोशिश की। कई आवाज लगाने के बावजूद नहीं उठा तो हिलाया। हालत खराब देखी तो साथी किसानों ने सुबह साढ़े आठ बजे उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और कार्रवाई शुरू की। जय सिंह के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके बहादुरगढ़ पहुंचने के बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई करके पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।