कोरोना के चलते लखनऊ में करीब आठ माह से बंद फिल्म व वेब सीरीज की शूटिंग का दौर फिर शुरू हो गया है। लखनऊ सहित आसपास की साइटों पर लाइट…, कैमरा… और एक्शन… की गूंज फिर सुनाई देने लगी है। हाल ही में फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत को रिवर फ्रंट सहित कई जगह स्पॉट किया गया है। वहीं, अभिनेता जॉन इब्राहिम भी गुरुवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में अपनी फिल्म की शूटिंग करते नजर आए। सूत्रों की माने तो शहर में अभी आधा दर्जन से अधिक जगहों पर शूटिंग चल रही हैं। कई शूट आसपास के इलाकों में भी चल रहे हैं या आने वाले समय में होंगे। माना जा रहा है कि जनवरी और फरवरी में बड़े प्रोडक्शन हाउस अपनी फिल्म और वेव सीरीज की शूटिंग लखनऊ में शुरू करेंगे। शूटिंग शुरू होने से एक तरफ जहां शहर की कई लोकेशन पर फिल्मी कलाकारों को देखने लोग उमड़ रहे हैं, वहीं लंबे समय से घर पर बैठे स्थानीय कलाकारों को काम मिलना भी शुरू हो गया है।