उत्तराखण्ड: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 120 दिन के देशव्यापी दौरे की शुरुआत आज शुक्रवार को देवभूमि उत्तराखंड से करेंगे। नड्डा कुंभ नगरी हरिद्वार में संतों से मुलाकात करेंगे और गंगा आरती में शामिल होंगे। इसके बाद उनका सांगठनिक दौरा शुरू होगा। नड्डा शाम चार बजे हेलीकॉप्टर से सीधे हरिद्वार पहुंचेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के मुताबिक शेष तीन दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष देहरादून में 14 संगठनात्मक बैठकों व कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे चार दिसंबर से सात दिसंबर तक देहरादून में प्रवास करेंगे। जहां वे मंत्रिमंडल व कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे तो वहीं बूथ समिति और मंडल समितियों के साथ भी बैठेंगे।
भगत ने बताया कि नड्डा के हरिद्वार आगमन के कार्यक्रम में परिवर्तन हुआ है। पहले उन्हें दोपहर 12.40 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचना था। अब वे अपराह्न चार बजे हेलीकॉप्टर से हरिद्वार पहुंचेंगे। हर की पौड़ी पहुंच कर गंगा की पूजा व आरती में भाग लेंगे। उसके बाद उनका शांति कुंज, अखाड़ा परिषद, निरंजनी अखाड़ा जाने व संतों से भेंट का कार्यक्रम है।
भगत के अनुसार यह किसी भी पार्टी के इतिहास में पहली बार होगा जब राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश, जिला, मंडल व बूथ कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि नड्डा के भव्य स्वागत के साथ कोविड नियमों का पालन करते हुए जनता व कार्यकर्ताओं की सहभागिता भी तय की गई है।