हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के पति कलाकार वीर साहू भी किसान आंदोलन में कूद पड़े हैं। उन्होंने दिल्ली में जंतर-मंतर पर सांकेतिक धरना देकर आंदोलनकारी किसानों का समर्थन किया। इस मौके पर वीर ने कहा कि केंद्र सरकार के तीन कृषि संबंधी कानूनों में कहीं न कहीं कमी अवश्य है। तभी तो किसानों को अपने काम-धंधे छोड़ सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को अन्नदाता की फरियाद सुननी चाहिए। किसानों पर पुलिस बल प्रयोग की उन्होंने निंदा की। बता दें कि कई पंजाबी गायक और कलाकार भी किसान आंदोलन को अपना समर्थन दे रहे हैं। जनवरी 2020 में सपना चौधरी की वीर साहू संग शादी चंडीगढ़ में हुई थी। दोनों पक्ष अपने प्रशंसकों को शादी के बारे में जानकारी देने ही वाले थे कि वीर साहू के फूफा का निधन हो गया और विवाह की खुशी को वे फैंस के साथ शेयर नहीं कर पाए थे।