जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के निकट रिगाल इलाके में पाकिस्तानी सुरंग मिलने के एक दिन बाद ही सोमवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)ने सीमावर्ती गांव चक फकीरा में एक घुसपैठिए को मार गिराया। दूसरी ओर उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में रविवार की शाम सेना ने घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया।
रक्षा सूत्रों से के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे सांबा जिले के चक फकीरा की भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक घुसपैठिया जीरो लाइन को पार कर तारबंदी के पास छिप कर आ रहा था। वहां तैनात बीएसएफ के जवानों ने उसे ललकारा। जब भागने लगा तो जवानों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे उसे ढेर हो गया। 19 नवंबर को इसी क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन भी सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर हा था। बीएसएफ जवानों ने गोलीबारी कर उसे खदेड़ दिया था। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी रेंजरों की भी सीमा पर काफी हलचल देखी जा रही है।