देश: कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 13 लाख को पार कर गया। पिछले तीन दिनों में एक लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। शनिवार को कोरोना के 48,916 नए मामले सामने आए। आंकड़ों के अनुसार, यह लगातार तीसरा दिन है जब कोविड-19 के एक दिन में 45,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 48,916 नए मामले सामने आए हैं और 757 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 13,36,861 हो गई है। जिनमें से 4,56,071 सक्रिय मामले हैं, 8,49,432 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 31,358 लोगों की मौत हो चुकी है।
शनिवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटे में 757 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 31,358 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 13,36,861 हो गए, जिनमें से 4,56,071 लोगों का उपचार चल रहा है और 8,49,432 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। अभी तक करीब 63.54 प्रतिशत लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।
बीते 24 घंटों में जिन 757 लोगों की मौत हुई है उनमें से 278 की महाराष्ट्र, 108 की कर्नाटक, 88 की तमिलनाडु, 59 की उत्तर प्रदेश, 49 की आंध्र प्रदेश, 35 की पश्चिम बंगाल, 32 की दिल्ली, 26 की गुजरात, 14 की जम्मू कश्मीर, 11 की मध्यप्रदेश और आठ-आठ लोगों की राजस्थान और तेलंगाना में मौत हुई।
असम, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में छह-छह, पंजाब में पांच, केरल और हरियाणा में चार-चार, बिहार और झारखंड में तीन-तीन तथा पुदुचेरी, त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में एक-एक मरीज ने जान गंवाई है।
पिछले 24 घंटे में चार लाख 20 हजार से ज्यादा नमूनों की जांच हुई
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 24 जुलाई तक परीक्षण किए गए कोरोना नमूनों की कुल संख्या 1,58,49,068 है। जिनमें 4,20,898 नमूनों का परीक्षण शुक्रवार को ही किया गया है।