नई दिल्ली: राजस्थान में जारी सियासी संकट के बीच भारतीय जनता पार्टी की कल यानी बुधवार सुबह 11 बजे जयपुर में बैठक होगी. बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल होंगी और राज्य नेताओं के साथ मौजूदा हालात पर चर्चा करेंगी. सूत्रों ने को यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि सचिन पायलट की बगावत को लेकर कांग्रेस खेमे में मची खलबली के बाद बीजेपी बैठक में आगे का रास्ता अख्तियार करेगी. पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने स्थिति का जायजा लेने के लिए आज सुबह वरिष्ठ नेता ओम माथुर को जयपुर भेज दिया है. उनके कल की बैठक में शामिल होने की भी उम्मीद है.

उधर, कांग्रेस ने सचिन पायलट को डिप्टी सीएम पद से हटा दिया. साथ-साथ उनसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का दर्जा भी ले लिया गया. इसके अलावा जयपुर में पार्टी हेडक्वार्टर पर से पायलट के पोस्टर भी हटा दिये गए और उनकी जगह गोविंद सिंह दोस्तारा का पोस्टर लगाया गया जिन्हें राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है.
बता दें कि कांग्रेस ने राज्य में हुए पूरे घटनाक्रम के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है. कांग्रेस ने आरोप लगाए कि बीजेपी, अशोक गहलोत सरकार को गिराने की साजिश रच रही है. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के चार दिन के घटनाक्रम से सब परिचित हैं. ने एक षड्यंत्र के तहत राजस्थान की चुनी हुई सरकार को गिराने की साज़िश की है. भाजपा ने धनबल, सत्ता बल, ईडी और इनकम टैक्स विभाग का गलत इस्तेमाल किया गया है. पूरे देश ने देखा कि अशोक गहलोत सरकार के विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई.
उन्होंने कहा, शीर्ष नेतृत्व राहुल, सोनिया ने दूसरे नेताओं ने सचिन पॉयलट से दर्जनों बार बात की. हमने कहा कि खुले दिल से कहा कि आप वापस आईये. जो परिवार में बैठ कर सब सुलझाएंगे.
रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि सचिन पायलट को राजस्थान कांग्रेस प्रमुख पद से भी हटाया गया है. उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह दोस्तारा नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे. इसके विधायक गणेश घोघरा को यूथ कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. हेमसिंह शेखावत को कांग्रेस सेवा दल का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया.