भारत: देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को समाप्त 24 घंटों में 22,771 नए मामले सामने आए हैं. यह एक दिन में नए कोरोना मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है. इसी साथ देश में कुल संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 6,48,315 पहुंच गई है. आंकड़ों के मुताबिक उक्त 24 घंटों में 442 लोगों की मौत हुई है जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 18655 हो गई है. इस वायरस से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 394227 पर पहुंच गई है. इसी के साथ देश में रिकवरी रेट 60.80 फीसदी पर बनी हुई है. दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 97 हजार के पार हो गई है. राजधानी में 24 घंटे में 2505 नए मरीज सामने आए जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 97200 हो गई है. राहत की खबर यह है कि दिल्ली में कोरोना रिकवरी रेट पहली बार 70% के पार हो गया हे. अब यह 70.22 फीसदी है. यानी कुल मरीजों में से 70 फ़ीसदी मरीज ठीक भी हो चुके हैं. पिछले 24 घंटों में यहां 2632 मरीज ठीक हुए जिसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 68,256 हो गई है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पिछले 72 घंटों में महाराष्ट्र पुलिस के 237 पुलिसकर्मी कोविड-19 पॉज़िटिव मिले हैं. महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 6,364 नए मामले सामने आए हैं. इसके बाद तमिलनाडु में 4329, तेलंगाना में 1892 और कर्नाटक में 1694 नए मामले दर्ज किए गए हैं.