नई दिल्ली: बिहार के मुजफ्फरपुर के एडवोकेट सुधीर कुमार ओझा ने सुशांत सिंह राजपूत के निधन को लेकर बॉलीवुड की आठ दिग्गज हस्तियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है. वकील सुधीर कुमार ओझा ने करण जौहर संजय लीला भंसाली सलमान खान और एकता कपूर समेत आठ लोगों के खिलाफ यह केस दर्ज किया है. इस बात की जानकारी एएनआई न्यूज एजेंसी ने ट्वीट के जरिये दी है. केस दर्ज कराने की इस खबर को लेकर एकता कपूर का रिएक्शन आ गया है और उन्होंने इंस्टाग्राम पर इसे लेकर एक पोस्ट लिखी है.
एएनआई के इस ट्वीट में कहा गया है, ‘एडवोकेट सुधीर कुमार ओझाः मैंने करण जौहर, संजय लीला भंसाली, सलमान खान और एकता कपूर समेत 8 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306, 109, 504 और 506 में केस दर्ज कराया है. यह केस सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से जुड़ा है और केस को मुजफ्फरपुर की अदालत में दर्ज कराया गया है.
एकता कपूर (Ekta Kapoor) ने इस पर अपना रिएक्शन देते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखी है, ‘सुशी को कास्ट नहीं करने के लिए केस दर्ज करवाने के लिए शुक्रिया…जबकि मैंने ही उसे लॉन्च किया था. नई-नई बातें सामने आ रही हैं, उनसे मेरी हैरानी की सारी सीमाएं लांघ ली है. प्लीज परिवार और दोस्तों को शांति में रहने दें. सच सामने आकर रहेगा. इस पर यकीन नहीं होता…’