नई दिल्ली: लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ भारतीय सेना की हिंसक झड़प में तीन भारतीय जवानों के शहीद होने पर पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अब वक्त आ गया है कि भारत सरकार बार-बार ऐसी हरकतें कर रहे चीन पर कड़ा एक्शन ले. बता दें कि सोमवार की रात लद्दाख की गलवान घाटी में चीन की सेना के साथ हुई झड़प में भारतीय सेना का एक कर्नल और दो जवान शहीद हो गए हैं. सेना से जुड़े सूत्रों का कहना है कि चीनी सेना को भी काफी नुकसान हुआ है.
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘गलवान घाटी में हुई घटना चीनी सेना की ओर से बार-बार किया जाने वाला उल्लघंन है. अब वक्त आ गया है कि देश उसकी इन घुसपैठों का जवाब देने का वक्त है. हमारे जवान किसी खेल का हिस्सा नहीं हैं कि हर कुछ दिन पर सीमा की रक्षा करने में हमारे कुछ अधिकारियों और जवानों की जान जा रही है.’
उन्होंने एक अगले ट्वीट में लिखा, ‘वक्त है कि भारत सरकार अब इसपर कोई सख्त कदम उठाए. हमारी एक-एक कमजोरी की निशानी पर चीन और बढ़-चढ़कर युद्धरत दिखता है. मैं पूरे देश के साथ हमारे बहादुर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देता हूं. देश आपकी इस दुख की घड़ी में आपके साथ है.
बताया जा रहा है कि दोनों सेनाओं की ओर से सोमवार को रात में पीछे हटने की प्रक्रिया जारी थी लेकिन अचानक चीनी सैनिकों की ओर से हरकत की गई है जिसके चलते झड़प हुई और भारतीय सैनिक शहीद हो गए हैं. भारतीय सेना की ओर से बयान आया है कि चीनी सेना को भी जानी नुकसान हुआ है.