उत्तराखंड में पांच दिन बाद आज मंगलवार को कोरोना के दो संक्रमित मरीज मिले हैं। प्रदेश में दो नए पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 37 हो गई है। दोनों संक्रमित मरीज हरिद्वार जिले के रहने वाले हैं। एक संक्रमित मरीज लक्सर का रहने वाला है तो दूसरा मरीज भगवानपुर का है।
उत्तराखंड में आज लैब में भेजे गए 127 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई। इस पर स्वास्थ्य महकमे ने राहत की सांस ली। मंगलवार को दो कोरोना पॉजिटिव जमातियों की भी लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई थी, जिनहे डिस्चार्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।सचिव स्वास्थ्य नितेश झा ने बताया कि राज्य में अब सरकारी लैब के साथ ही प्राइवेट लैब में भी जांच शुरू हो गई है।
लेकिन, मंगलवार देर शाम कोरोना के दो पॉज़िटिव केस आने से विभाग की चिंता दोबारा शुरू हो गई है। हरिद्वार जिले में अब कुल कोरोना पॉज़िटिव मरीजों की संख्या तीन से बढ़कर पांच हो गई है। मंगलवार को कुल नये 146 सैंपल लैब में भेजे गए। इनमें चार सैंपल प्राइवेट लैब में भेजे गए हैं।
एक सैंपल अल्मोड़ा, चार बागेश्वर, 56 देहरादून, 36 हरिद्वार, 19 नैनीताल, 10 यूएसनगर, 16 उत्तरकाशी के हैं। कुल सात पॉजिटिव कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। इनमें छह देहरादून और एक मरीज पौड़ी जिले से है। राज्य में कुल 2174 केस सामने आए हैं। इनमें 35 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 1838 निगेटिव आई है। 305 की रिपोर्ट का इंतजार है।