गुवाहाटी: देश में कोरोनावायरस को लेकर लॉकडाउन जारी है. कोरोनावायरस के बढ़ते कहर को देखने हुए 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की गई थी, जिसे बढ़ाने पर विचार हो रहा है. कई राज्यों ने 30 अप्रैल तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया है. इस बीच असम और मेघालय की सरकार ने सोमवार से शराब की दुकानों को खोलने का फैसला लिया है. असम में शराब की दुकानें सप्ताह में सातों दिन खुलेंगी, जबकि मेघालय में अभी तक सिर्फ शुक्रवार तक खोलने का ही फैसला लिया गया है. इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी खयाल रखा जाएगा. वहीं, मेघालय में दूर दराज में रहने वाले लोगों को होम डिलिवरी की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी.
उधर, जम्मू में लॉकडाउन (बंद) में भी अज्ञात चोर एक शराब की दुकान में सेंधमारी कर नगदी और शराब की बोतलें चुरा ले गए. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह दुकान शहर के बीचो बीच आमफाला चौक पर है. उन्होंने कहा कि आरोपियों ने दुकान के पीछे की दीवार तोड़ सेंधमारी की. इसके बारे में आज सुबह पता चला. अधिकारी ने कहा कि कितनी बोतलें और नकदी गायब हुयी है इसका पता अभी नहीं चल पाया है. मामला दर्ज कर लिया गया है.