देहरादून, जेएनएन। पटेलनगर कोतवाली के नया गांव क्षेत्र से पैदल ही लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) के लिए निकले 100 से अधिक लोगों को आइएसबीटी चौकी पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद सभी को खाना खिलाया गया। अब उन्हें सकुशल घर तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की जा रही है।
चौकी इंचार्ज विवेक भंडारी ने बताया कि लखीमपुर के ये लोग होली से पहले काम की तलाश में देहरादून आए थे। सभी यहां नया गांव स्थित झीबरहेड़ी, भुड्डी, रतनपुर आदि क्षेत्रों में मजदूरी करते थे। प्रदेश में लॉकडाउन लागू होने के कारण फिलहाल सारे काम बंद हैं। काम न मिलने से इन लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। जो पैसा बचाकर रखा था, वह भी रहने और खाने में खर्च हो गया।
अब उनके पास राशन लाने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। सिर ढकने को छत भी नहीं है। ऐसे में शुक्रवार को ये लोग वापस लखीमपुर के लिए निकल पड़े। आइएसबीटी पहुंचने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि सभी ने दो दिन से खाना नहीं खाया है। सीओ सदर अनुज कुमार ने बताया कि आइएसबीटी पहुंचे लोगों के रहने की व्यवस्था बनाई जा रही है। उच्चाधिकारियो से बात की गई है। अगर आज बस की व्यवस्था हो जाती है तो उन्हें लखीमपुर भेज दिया जाएगा।