अनामिका मिश्रा
लखनऊ: लॉकडाउन के कारण यूपी बॉर्डर पर फंसे हजारों मजदूरों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने इंतजाम किए हैं. योगी सरकार ने हर बॉर्डर के जिले के जिलाधिकारियों और कप्तानों को निर्देश दिए हैं कि वो श्रमिकों के खाने पीने का इंतजाम करें.
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देश में 21 दिन का लॉकडाउन लागू है. लॉकडाउन के कारण यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों से दिहाड़ी मजदूरों का पैदल पलायन जारी है. दरअसल, लॉकडाउन की वजह से कारखानों समेत तमाम फैक्ट्रियों में कारोबार फिलहाल बंद है, लोगों को 21 दिन तक घरों में रहने के लिए कहा गया है, जिसके बाद लोग पैदल ही अपने-अपने घर जाने की कोशिश कर रहे हैं. लोग सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हैं.
.लॉकडाउन के ऐलान के बाद से मजदूरों का पलायन जारी
.मजदूरों के रहने-खाने की व्यवस्था कर रही योगी सरकार
मजदूरों की हो खाने-पीने की व्यवस्था
ऐसे में बाहर के राज्यों से आने वाले और यूपी बॉर्डर पर फंसे हजारों मजदूरों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने इंतजाम किए हैं. यूपी सरकार ने हर बॉर्डर के जिले के जिलाधिकारियों और कप्तानों को निर्देश दिए हैं कि वो श्रमिकों के खाने पीने का इंतजाम करें.
1000 बसों की व्यवस्था
कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने हेतु लागू लॉकडाउन के कारण पलायन कर रहे कामगारों की मदद के लिए यूपी सरकार ने 1000 बसों का इंतजाम किया है जिससे लोग अपने गंतव्य स्थान तक बिना किसी परेशानी के पहुच सकें. दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डा और गाजियाबाद से ये बसें लोगों को उनके घरों तक ले जाएगी. सीएम योगी आदित्यनाथ खुद इस व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. यूपी सरकार ने मजदूरों के लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का भी इंतजाम किया.